मुंबई। अभिनेता शाहिद कपूर (Shahid Kapoor) को लेकर एक बड़ी खबर आ रही है। दरअसल, शाहिद अब साउथ इंडियन सिनेमा की बड़ी प्रोडक्शन कंपनी लाइको प्रोडक्शन संग हाथ मिलाने जा रहे हैं। एक मीडिया रिपोर्ट में बताया गया है कि शाहिद कपूर उनकी ब्लॉकबस्टर मूवी कबीर सिंह (Kabir Singh) की टीम से साथ एक बड़े प्रोजेक्ट पर चर्चा कर रहे हैं। जिसके तहत वे छत्रपति शिवाजी महाराज का किरदार पर्दे पर उतारने की योजना बना रहे हैं। अटकलें तो यह भी है कि इसके लिए वे कबीर सिंह के निर्माता अश्विन वर्दे (Ashwin Varde) से कई दौर की चर्चा कर चुके हैं।
शाहिद कपूर की आने वाली फिल्मों की बात की जाए तो वे जर्सी में क्रिकेटर का रोल निभाने जा रहे हैं। शाहिद की यह फिल्म 5 नवंबर को ही बड़े पर्दे पर रिलीज होगी। दरअसल, यह तेलुगु में इसी नाम से बनी फिल्म का हिंदी रीमेक है। तेलुगु जर्सी में नानी ने मुख्य किरदार निभाया था, जबकि हिंदी रीमेक में शाहिद कपूर मुख्य भूमिका में हैं। जबकि, दोनों फिल्मों को गौतम तिन्नौरी ने डायरेक्ट किया है। वहीं, शाहिद कपूर ने अपने ओटीटी डेब्यू की भी खास तैयारी कर ली है। कहा गया है कि उन्होंने किसी ओटीटी प्लेटफॉर्म संग एक बड़ी डील साइन की है और वे जल्द की औपचारिक रूप से इसकी घोषणा करने जा रहे हैं।
बहरहाल, यह पहली बार नहीं है वे किसी ऐतिहासिक किरदार को पर्दे पर लाएंगे। इससे पहले उन्होंने संजय लीला भंसाली की महत्वकांक्षी फिल्म पद्मावत में राजपूत राजा महारावल रतन सिंह की भूमिका अदा की थी। उस फिल्म में उनके किरदार को काफी पसंद किया गया और एक्टर की एक्टिंग ने भी सभी का दिल जीता था। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि वे छत्रपति शिवाजी का किरदार निभाने में कितने सफल हो पाते हैं। क्योंकि यह उनके कंधे पर सबसे बड़ी जिम्मेदारियों में से एक है कि वे देश के महान योद्धा की भूमिका का निर्वहन करने जाएंगे।